मंगलवार, 11 दिसंबर 2018

ओ रोमांचक @15days

ओ रोमांचक @15days 

डे-1 (11-12 अगस्त, 2018)



















सफर की शुरुआत हुई भोपाल से। राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए मैं, ललित और चंदू दादा साथ निकले। तैयारियों पर चर्चा करते और रोमांचक सफर का ऐहसास लिए दिल्ली कूच। अल सुबह दिल्ली पहुंचे। निजामद्दीन स्टेशन उतरे और चाय पी कर इंदिरा गांधी हवाई अड्डा निकल गए। लगभग 40 मिनट बाद हम हवाई अड्डे पर थे। मेरा और ललित का पहला हवाई सफर होने जा रहा था। बेहद उत्साहित हम लोगों ने चेक इन किया। वेटिंग हॉल में कुछ समय निकाला। तब तक भाई विशाल मुंबई से लैंड कर चुका था। चारों ने एयरपोर्ट पर नाश्ता किया और 11:00 बजे की इंडिगो की फ्लाइट पकड़ी। हमने विंडो सीट बुक की हुई थी। सबकुछ साफ दिख रहा था। प्लेन ने उड़ान भरी। कुछ ही देर में हम धरती से लगभग 9 किमी ऊपर थे। हमारे नीचे बादल ऐसे दिख रहे थे जैसे किसी ने रूई के लच्छे हवा में उड़ा दिए हो। शहर बेहद ही छोटे। जम्मू में लैंडिंग हुई तो जोरदार झटके के साथ बैलगाड़ी का भी ऐहसास हुआ। फिर श्रीनगर के लिए निकले। जम्मू से श्रीनगर के बीच हिमालय की पहाड़ियों को आप देख सकते हैं। 1:30 बजे हम श्रीनगर में थे।
हमारी होटल सदफ शहर के लाल चौक के पास ही थी। होटल के गेट पर ही सेब का पेड़ हमें आकर्षित कर रहा था। फ्रेश होकर हम लोग शहर घुमने निकल गए। सबसे पहले हम डल झील पहुंचे। वहां शिकारा राइड की। शहर के बीचोबीच बसी इस झील में पूरा शहर है। लोग रहते है और सब्जी से लेकर सभी चीजें आपको यहां उपलब्ध है। डल झील में ही एक छोटा सा गार्डन है। नौकायन की भी सुविधा है। हालांकि, इस झील को शहर ने चारो ओर से घेर रखा है, लिहाजा गंदगी भी इसमें ही समाहित होती है। इसकी सफाई का काम भी अनवरत चलते रहता है। लोग कहते हैं कि यहां बर्फ जम जाती है और लोग क्रिकेट खेलते हैं। जानकारों के अनुसार, ऐसा सिर्फ 1988 में ही हुआ था। अभी कुछ ही क्षेत्र में बर्फ जमती है। झील के बीच में ही लाइन से हाउस बोट बने हुए हैं। इन्हीं में है, क्राउन आॅफ इंडिया हाउस बोट। इसी में अगले दिन हमें रूकना था। आनंद आ गया नजारा देखकर। यहां से हम चश्मेशाही गार्डन देखने निकल गए। भूख भी जोरो से लग रही थी। एक होटल में नाश्ता किया। चश्मेशाही गार्डन पहाड़ों के बीच बसा हुआ है। काफी सुंदर। तीन तरफ पहाड़ और चौथी तरफ डल झील के साथ शहर का मनोरम दृश्य। यहां काफी देर हमने फोटोग्राफी की। लौटकर होटल आए तो दिन ढल चुका था। डिनर करके हम सो गए। चूंकि अगले दिन हमारी ट्रेनिंग थी और हम राइड आॅफ माय लाइफ से जुड़ने वाले थे।

मुस्कराइये आप रोमांचक सफर पर है...
क्रमश:...

#ladakh #leh #rideofmylife #bro #indianarmy #@15days

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें