गुरुवार, 13 दिसंबर 2018

ओ रोमांचक @15days
डे-2 (13 अगस्त, 2018)

















ओ दिन भी आ गया जब हमारे सपने को पर लगने वाले थे। हम सुबह उठे तैयार हुए। आलू के पराठे और दही का नाश्ता किया। होटल सदफ से टैक्सी करके हम डल झील निकल गए। शिकारा से हम क्राउन आॅफ इंडिया हाउस बोट पहुंचे। मनीष जोधानी (ट्रिप में हमारे टीम लीडर) से मुलाकात हुई। उनके साथ ही कनिका और ग्रुप के अन्य सदस्यों से भी। हाउस बोट तो कल्पना से भी परे है। पानी के ऊपर देवदार की लकड़ी से बने ये हाउस बोट किसी पांच सितारा होटल से कम नहीं। एकदम सामने गैलरी, फिर कॉन्फ्रेंस हॉल, फिर डाइनिंग हॉल और बाद में कमरे। डबल बेड कमरों में ड्रेसिंग रूम और लेटबॉथ अटैच। अद्भुत है ये हाउस बोट की दुनिया।
यहां चाय के साथ ही पहली बार वेन हेगार्टी (आॅस्ट्रेलिया), रोडनी होरीहाता (जापान, अमेरिका), तेजा अन्नदाता (अमेरिका), मिखाल जेझिंस्की (पोलैंड), भास्कर श्रीनिवासन (आॅस्ट्रेलिया), सेबेस्टियन जयराज (अमेरिका) से मुलाकात हुई। वेन प्रोफेशनल राइडर है। रोडनी को भारत में पांच माह राइड का अनुभव रहा है। तेजा हमारे ग्रुप का यंग ब्वॉय भी राइडर है। पिछली बार वह इस ट्रिप में बीमार हो गया था तो लौटना पड़ा। इस ग्रुप में हम चारों के अलावा लगभग सभी को राइडिंग का अच्छा खास ज्ञान था। इसके बाद ब्रीफिंग होना था जो शाम तक के लिए टाल दी गई। तब तक हमें अपनी-अपनी बाइक दी गई और शहर का राउंड मारने को कहा गया। हम पहली बार रॉयल एनफील्ड हिमालयन की सवारी कर रहे थे। मैंने बाइक चुनी एचपी 64 ए-5370 और निकल पड़े शहर में घुमने। यहां नॉनवेज बड़ी आसानी से मिल जाता है। हम तीनों भाई वेजिटेरियन थे। मित्र ललित को नॉनवेज में वाजवान (एक प्रसिद्ध कश्मीरी डिश) खाना था, सो हम होटल मुगल दरबार पहुंचे। वाजवान में कई तरह का नॉनवेज होता है। ललित के लिए क्वार्टर वाजवान और हमने पनीर, दाल-रोटी खाई। यहां से निकल पड़े शंकराचार्य टेंपल। यह डल झील के सामने पहाड़ी पर है। ऊपर तक घूमते रास्तों से बाइक पहुंच गई। फिर लगभग 150 सीढ़ियां और मंदिर। कहते हैं शंकराचार्य यहां आए थे। दर्शन करने के बाद हम लौट आए।
पांच गियर की यह बाइक 411 सीसी की है। चलाने में आनंद आ गया। अब अगले 9 दिन इसी का साथ था। हम अपने हाउस बोट पहुंचे। शाम को परिचय के साथ ही ब्रीफिंग हुई। टीम लीडर मनीष ने अगले नौ दिन तक की जानकारी दी और बताया कि कैसे रास्ते होंगे, कैसे पार करना है... आदि। डिनर के बाद हमने अपनी तैयारी की। बाइक के साथ ही आपको लेग गार्ड, टैंक बैग, हेलमेट भी लेना होता है। हमने सभी लिया। अगली सुबह के रोमांचक सफर पर निकले से पहले हाउस बोट में नींद ही नहीं आ रही थी। रात के एक बजे के बाद हम सो गए।

मुस्कराइये आप श्रीनगर में है...
क्रमश:...
#ladakh #leh #rideofmylife #bro #indianarmy #@15days

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें